आचार संहिता का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। लोकसभा सीट श्रावस्ती से जुड़े सदर, तुलसीपुर व गैसड़ी विधानसभा क्षेत्रों में बृहस्पतिवार की शाम छह बजे से चुनाव प्रचार का शोर थम गया। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक दल किसी भी प्रकार की रैली, सभा व रोड शो अब नहीं कर सकेंगे। आचार संहिता का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम छह बजे से 48 घंटे तक लाउडस्पीकर पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। प्रत्याशियों, एजेंट या कार्यकर्ताओं के लिए 25 मई को अलग से लाल रंग का वाहन पास जारी होगा। ऐसे लोग जो तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निवासी नहीं हैं या यहां के वोटर नहीं हैं, वे 48 घंटे के लिए यहां से चले जाएं।
जिले के सभी लॉज, गेस्ट हाउस व होटलों की सघन तलाशी होगी। यहां गैर जनपद का कोई व्यक्ति न ठहरे। कम्युनिटी हॉल, विवाह मंडप व सामुदायिक केंद्रों आदि पर कोई भी सामूहिक भोज या खाने-पीने की चीजें नहीं बांटी जाएंगी। उड़नदस्ते व एसएसटी की टीमें वाहनों की सघन तलाशी करेंगी।
50 हजार से अधिक की नकदी मिलने पर होगी कार्रवाई
डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि बिना प्रमाणपत्र के 50 हजार रुपये से अधिक की नकदी ले जाने पर कार्रवाई की जाएगी। कहीं पर भी चुनाव प्रचार की सामग्री नहीं चिपकाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं को अभी तक वोटर पर्ची नहीं मिली है, वे 1950 पर कॉल करके शिकायत कर सकते हैं।