फोटो-14-गोंडा में रुपईडीह के मंगलनगर में वोट डालने के लिए खड़े मतदाता। -संवाद
- फोटो : GONDA
बलरामपुर। तीन ग्राम पंचायतों में गुरुवार को हुए प्रधानी के उपचुनाव में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। वोटरों ने अपने गांव की सरकार चुनी। शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालयों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कराई जाएगी। इसके बाद संबंधित आरओ विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे।
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार गुरुवार को दिनभर तीन ग्राम पंचायतों में होने वाली मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते रहे। एसपी राजेश कुमार सक्सेना भी तीनों ग्राम पंचायतों में मतदान के दौरान सुरक्षा इंतजाम की जानकारी लेते रहे। गुरुवार की सुबह सात बजे से सायं पांच बजे तक वोटिंग कराई गई। एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अभिलाष ने तुलसीपुर ब्लॉक के ग्राम गोपालपुर में मतदान केंद्र का निरीक्षण कर जायजा लिया।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंच स्थानीय राजेश कुमार ने बताया कि आरओ की तरफ से रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई है। हरैया सतघरवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत हिंडुलीकला में प्रधान पद के उपचुनाव के आरओ/जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि कुल 1,999 मतदाताओं के सापेक्ष 1,257 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
तुलसीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत रूपनगर में प्रधान पद के उपचुनाव के आरओ/जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाहा ने बताया कि यहां 94.8 फीसदी मतदान हुआ है। एक बूथ पर 525 के सापेक्ष 487 और दूसरे बूथ पर 511 के सापेक्ष 461 वोट पड़े हैं। दोनों बूथों पर 1,036 के सापेक्ष 948 वोटरों ने मतदान किया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट रामकुमार भी दल-बल के साथ जुटे रहे।
रेहरा बाजार ब्लॉक की ग्राम पंचायत जाफरपुर में प्रधान के उपचुनाव में 1,570 के सापेक्ष 1,041 वोटरों ने मतदान किया है। तीनों ब्लॉक मुख्यालयों पर बने स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटियां जमा कराई गईं हैं। पांच अगस्त को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कराई जाएगी, जिसमें विजयी उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। संवाद