रेहरा बाजार। सराय खास गांव में शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा बाजार पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गोंडा रेफर कर दिया। गोंडा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
सराय खास निवासी ठाकुर प्रसाद वर्मा ने बताया कि उनकी माता पार्वती देवी (65) शुक्रवार देर शाम सराय खास बाजार से एक निजी चिकित्सक से दवा लेकर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान सराय खास-बलुआ मार्ग पर मुरावनडीह के पास गांव के ही दिलीप कुमार वर्मा तेज रफ्तार से बाइक चला रहे थे। बाइक अनियंत्रित हो गई और पार्वती देवी को टक्कर लग गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोंडा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात पार्वती देवी की मौत हो गई।
मृतका के तीन पुत्र चिंताराम, आशाराम और ठाकुर प्रसाद हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि मृतका के पुत्र ठाकुर प्रसाद वर्मा की तहरीर पर दिलीप कुमार वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।