बलरामपुर। जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण खतरनाक होता जा रहा है। रविवार को कोरोना से 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 24 हो गई है। शनिवार की रात व रविवार को आई कोरोना रिपोर्ट में कुल 9 लोग पॉजिटिव पाए गए है। पॉजिटिव पाए गए लोगों को इलाज के लिए लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है।
सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि उतरौला तहसील के जुम्मनडीह गांव निवासी शाबान अली (60) मधुमेह का मरीज होने के कारण इलाज के लिए केजीएमयू लखनऊ गए थे। जांच होने पर 21 सितंबर को वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वहीं पर उन्हें भर्ती कर लिया गया। इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 24 हो गई है।
जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात व रविवार को आई कोरोना रिपोर्ट में कुल 9 लोग पॉजिटिव पाए गए है। पॉजिटिव पाए गए लोगों में बलरामपुर नगर क्षेत्र के मोहल्ला मोतीसागर व तुलसीपार्क में एक-एक, गैसड़ी के ग्राम धोकहरा में एक व ग्राम महरौली पिपरा में एक तथा तुलसीपुर में एक व्यक्ति सहित कुल 9 लोग शामिल है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को इलाज के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय घूघुलपुर स्थित लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। इन लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है।
पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए सभी लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। जिला सूचना कार्यालय से यह भी बताया गया है कि रविवार को विभिन्न स्थानों पर भर्ती आठ कोरोना मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव मिली है। स्वस्थ हुए इन मरीजों को 14 दिन होम क्वारंटीन रहने का निर्देश देते हुुए घर भेज दिया गया है। जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 1585 हो गई है। 1394 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके है। 24 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में एक्टिव केस 167 है।