बलरामपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित आठ प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों को एनआईसी सभागार में रविवार को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा एवं जिलाधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार ने इन शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
सदर विधायक ने कहा कि निष्पक्ष व पारदर्शी प्रक्रिया के तहत उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 1,395 प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों का चयन किया है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल ढंग से लखनऊ से ही नव चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया है।
इस दौरान एनआईसी सभागार में सभी लोगों ने मुख्यमंत्री का वर्चुअल संवाद भी सुना। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम व राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य चंदन पांडेय सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।