बलरामपुर। जिले की पांच नगर निकायों के अध्यक्ष व सदस्य के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया पर खरमास का असर साफ देखने को मिल रहा है। दूूसरे दिन बुधवार को भी कोई नामांकन नहीं हुआ। हालांकि कुल 177 दावेदारों ने पर्चे खरीदे हैं। नामांकन को लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
कलेक्ट्रेट में बलरामपुर नगर निकाय के अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए नामांकन का प्रबंध किया गया है। अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को दो दावेदारों ने तीन पर्चे खरीदे जबकि 25 वार्डों में सदस्य पद के लिए कुल 67 नामांकन पत्र खरीदे गए हैं।
तुलसीपुर नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए छह व सदस्य पद के लिए 42, पचपेड़वा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चार व सदस्य पद के लिए 22 और गैसड़ी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन व सदस्य पद के लिए 22 दावेदारों ने नामांकन पत्रों की खरीदारी की। उतरौला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए चार व सदस्य पद के लिए कुल 24 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। सीओ दरवेश कुमार ने कलेक्ट्रेट में नामांकन को लेकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
चुनाव को लेकर कंट्रोल रूम स्थापित
एडीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन के लिए तहसील बलरामपुर में स्थित पंचायत एवं नगरीय निकाय कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका नंबर 8009531669, 9511436040 है। निकाय चुनाव संबंधी कोई भी जानकारी व समस्या के लिए आम नागरिक इस पर संपर्क साध सकते हैं।
प्रत्याशियों को खुलवाना होगा खाता
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिकतम नौ लाख रुपये, सदस्य पद के प्रत्याशी दो लाख रुपये खर्च कर सकते हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ढाई लाख व नगर पंचायतों के सदस्य पद के प्रत्याशी सिर्फ 50 हजार रुपये ही खर्च कर सकते हैं। प्रत्याशियों को चुनाव से संबंधित व्यय किये जाने के लिए एक खाता अलग से खुलवाना होगा। नामांकन दाखिल करने की तिथि से निर्वाचन की घोषणा तक प्रतिदिन विभिन्न मदों में जो व्यय किया जायेगा, उसका लेखा-जोखा इस खाते के माध्यम से तैयार किया जायेगा। खाते की सूचना रिटर्निंग ऑफिसर व जिला स्तरीय कमेटी को दी जायेगी। निर्वाचन में व्यय की गई धनराशि का भुगतान इसी खाते से प्रत्याशियों को करना होगा।
अफसरों को दी गई जानकारी
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को निर्वाचन अधिकारी व सहायक निर्वाचन अधिकारी के प्रशिक्षण में डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने कहा कि पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव कराना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए चुुनाव से जुड़े अफसरों को नामांकन दाखिला से लेकर मतगणना तक की जानकारी होनी चाहिए। सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। एडीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी आरओ व एआरओ नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच करेंगे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय) ज्ञानेश कुमार शुक्ला ने व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। डीडीओ गिरीश चंद्र पाठक, पीडी चंद्र प्रकाश, एसडीएम सदर राजेंद्र बहादुर सहित अन्य मौजूद थे।