बलरामपुर। नौनिहालों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कक्षाओं में पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया का प्रयोग करने वाले शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिक्षण कार्य से संबंधित सभी रिपोर्ट शासन के व्हाटसएप नंबर पर शिक्षकों को रोज उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
उक्त चेतावनी राज्य मंत्री बेसिक शिक्षा एवं बाल विकास व पुष्टाहार अनुपमा जायसवाल ने मंगलवार को एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान मंगलवार को अफसरों व शिक्षकों को दी। राज्य मंत्री ने जिला पंचायत सभागार में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया।
कहा कि परिषदीय स्कूलों में ऐसा माहौल बनाने की पहल करें जिसमें अभिभावक खुद बच्चों का हाथ पकड़ कर परिषदीय स्कूलों में दाखिला कराएं। जिला पंचायत सभागार में परिषदीय स्कूलों के शिक्षक व बच्चे शामिल हुए। बच्चों को जूता, मोजा, स्कूल बैग व ड्रेस भी प्रदान किया गया।
पुष्टाहार विभाग की तरफ से नन्हे-मुन्ने बच्चों को अन्न प्रासन्न व गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई गई। राज्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में एक करोड़ 80 लाख बच्चों का दाखिला प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में कराने का लक्ष्य रखा गया है।
बच्चों को सभी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पूरे प्रदेश में कायाकल्प योजना के तहत 41 हजार स्कूलों में शौचालय एवं हैंडपंपों की मरम्मत कराई गई है। बीएसए परिसर से राज्यमंत्री ने स्कूल चलो रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, बीएसए हरिहर प्रसाद, उतरौला नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अनूप गुप्ता, वित्त एवं लेखाधिकारी अश्वनी कुमार जायसवाल समेत तमाम लोग मौजूद रहे। राज्य मंत्री ने बीएसए दफ्तर के परिसर में पीपल व आम के पौधे भी लगाएं।