बलरामपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के बीईओ राजेश कुमार त्रिपाठी ने बीएड व आईएएस की तैयारी से संबंधित नोट्स और किताबें राजकीय पुस्तकालय को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए दान की है। बीईओ के इस प्रयास की डीआईओएस गोविंद राम व बीएसए डॉ. रामचंद्र ने सराहना करते हुए लोगों से जरूरतमंदों के लिए किताबें दान करने की अपील भी की है।
डीआईओएस ने बताया कि बेसिक शिक्षा कार्यालय परिसर में राजकीय जिला पुस्तकालय का संचालन वर्ष 2015-16 से किया जा रहा है। पुस्तकालय में हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू जैसी भाषाओं में उपन्यास, गीत, रचनात्मक कहानियां व छात्र छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध है। राजकीय जिला पुस्तकालय प्रात: 10 से सायं पांच बजे तक खुला रहता है। विभिन्न पुस्तकों में रुचि रखने वाले पाठक पढ़ने आते है।
राजकीय जिला पुस्तकालय में आम जनमानस की तरफ से किताबें व नोट्स को भी दान किया जा रहा है। बीईओ ने भी बीएड व आईएएस की तैयारी से संबंधित नोट्स व किताबें दान की है। इसका प्रयोग ऐसे गरीब विद्यार्थी कर सकेंगे जो बाजार से महंगी पुस्तकें खरीदने में समर्थ नहीं हैं। संवाद