बलरामपुर। महदेइया बाजार के कांटा तिराहे से बिलरिया तक जाने वाली सड़क काफी जर्जर हो गई है। इससे 12 गांव के करीब 15 हजार लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने बदहाल सड़क को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद डीएम को पत्र भेजकर सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराए जाने की मांग की।
क्षेत्रवासी गुद्दूदीन खां, मुख्तार अंसारी, आजम अंसारी, राधिका, परदेशी, राम शरण यादव, सूर्यभान, गचकरन, महादेव, गुलाम, शाहबे आलम, भोले, ख़ालिद खां, इरशाद, आरिफ़, फिरोज, आमीन, आबिद, शोएब, जलील व अंसार खां आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि कांटा तिराहे से बिलरिया जाने वाली सड़क जर्जर होने के कारण आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क पर गड्ढे होने से बारिश के समय जलभराव की स्थिति बन जाती है।
इसी मार्ग से कुरकुटपुरवा, जलीलडीह, रज्जकपुरवा, धोबहा, रामनगर, बहरेकुइंया व सहदेईया सहित 12 गांव के करीब15 हजार लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क पर व्याप्त गड्ढे आए दिन दुर्घटना का सबब बन रहे हैं। सड़क पर जलभराव से आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के बाद सिर्फ एक बार सड़क की मरम्मत कराई गई वो भी मानकविहीन होने के कारण कुछ ही दिनों में फिर से जर्जर हो गई। प्रदर्शन के बाद इन लोगों ने डीएम को पत्र भेजकर सड़क मरम्मत की मांग की है।