बलरामपुर। गैसड़ी नगर पंचायत का गठन होने के बाद अब यहां के लोगों को शहरी सुविधाएं मिलने वाली हैं। नगरवासियों को शीघ्र ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से 633 आवेदन पत्र जमा कराए गए हैं। आवेदन पत्रों की जांच कर पात्रों के चयन की तैयारी चल रही है।
वर्ष 2022 में गैसड़ी कस्बे को नगर पंचायत का दर्जा दिया गया। नगर निकाय चुनाव होने के बाद नगर पंचायत गैसड़ी के अध्यक्ष व सभासदों का शपथ ग्रहण भी हो चुका है। ऐसे में नगर की सरकार बनने पर बेघर परिवारों को आवास मुहैया कराने के लिए डूडा ने कवायद तेज कर दी है। कुछ दिनों पूर्व गैसड़ी नगर में शिविर लगाकर पीएम आवास के लिए 633 आवेदन पत्र जमा कराए गए थे। अब शहर की सरकार बनने के बाद आवेदन पत्रों की जांच व पात्रों के चयन की तैयारी शुरू हो गई है। बेघर परिवारों को जहां अपनी छत नसीब होगी, वहीं अधूरे मकान वाले परिवारों को आवास विस्तार योजना का लाभ दिया जाएगा।
डूडा (सीएलटीसी) टेक्निकल सेल के अभियंता अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि आवेदन पत्रों की सूची एडीएम के समक्ष प्रस्तुत की गई है। एडीएम के निर्देशानुसार जांच टीम बनाई जाएगी। जांच टीम गैसड़ी नगर में आवेदन पत्रों की जांच कर पात्रों का चयन करेगी। पात्रों के चयन के बाद प्रधानमंत्री आवास बनवाने के लिए पहली किस्त जारी की जाएगी।