तुलसीपुर (बलरामपुर)। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर मेले की ड्रोन कैमरों से सुरक्षा संबंधी निगरानी की जाएगी। चैत्र नवरात्र की तैयारियों में प्रशासन ने कवायद शुरु कर दी है। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में नवरात्र के दौरान देश विदेश के श्रद्धालुओं का तांता लगता है। मंदिर सभागार में शुक्रवार को महंत मिथिलेश नाथ योगी की अध्यक्षता में बैठक कर संसाधनों के बेहतर संचालन पर रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम कृष्णा करुणेश ने कहा कि 25 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र मेले की निगरानी इस बार ड्रोन कैमरे से कराई जाएगी। मेले में स्वास्थ्य, परिवहन, फायर, पेयजल, साफ सफाई, घुलनशील क्लोरीन की गोलियां, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, फागिंग व अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के पहले से प्रयास शुरु कर दिए गए है। मंदिर परिसर में एक माह तक चलने वाले मेले में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जगह जगह प्याऊ लगाए जाएंगे। सूर्यकुंड में श्रद्धालुओं को स्नान के समय कोई नुकसान न हो इसके लिए गोताखोर तैनात रहेंगे।
मेला परिसर में पर्याप्त शौचालयों के इंतजाम किए जाएंगे। इंडिया मार्का-दो हैंडपंपों के मरम्मत व रिबोर के कार्य शीघ्र पूरे कर लिए जाए। कोटेदारों को केरोसिन व राशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिया गया है। श्रद्धालुओं के लिए प्राइवेट सवारी गाड़ियों का संचालन और रोडवेज की भी अलग अलग स्थानों से पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन कराने की व्यवस्था की जाएगी। मेला क्षेत्र में प्लॉस्टिक / पॉलिथीन निर्मित वस्तुओं का प्रयोग नहीं हो सकेगा। रेल सेवा के रूप में अतिरिक्त गाड़ियों का संचालन शुरू कराया जाएगा।
लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए किसान, पेंशन आदि कैंप लगाए जाएंगे। पार्किंग, रैन बसेरे की व्यवस्था गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।
एसपी देवरंजन वर्मा ने कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात करने का आश्वासन दिया। पुरुष व महिला पुलिस बल मेले के अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदन व अति संवदेनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ साथ डॉग स्क्वॉयड व मोबाइल चीता की टीमें भी तैनात रहेंगी।
बैठक में एडीएम अरुण कुुमार शुक्ल, एएसपी अरविंद कुमार मिश्र, एसडीएम तुलसीपुर विनोद सिंह, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, चेयरमैन तुलसीपुर प्रतिनिधि फिरोज पप्पू, सीओ तुलसीपुर शिव प्रसाद, ईओ अनिरुद्ध कुमार, तहसीलदार कृष्ण गोपाल तिवारी, विहिप के मंडल प्रभारी विजय सिंह व प्रभारी निरीक्षक वकील पांडेय सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।