बलरामपुर। मेडिकल काॅलेज के अधीन संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट में टाइल्स चोरी का मामला प्रकाश में आया है। निर्माण करा रहे ठेकेदार के सुपरवाइजर हर्षित श्रीवास्तव व सीएमओ कार्यालय के संविदा चालक कर्ताराम को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कर्ताराम की संविदा भी समाप्त कर दी गई है। दोनों गोंडा जनपद के रहने वाले हैं। दोनों विभाग में लगे सरकारी वाहन में टाइल्स लादकर दूसरी जगह बेचने के लिए निकल ही रहे थे कि पुलिस को खबर मिल गई। गेट पार करते दाेनों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि कार्यदायी संस्था के ठेकेदार अनुरुद्ध गुप्त की तहरीर पर दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करके जेल भेज दिया गया है। (संवाद)