बलरामपुर। बार-बार चेतावनी के बाद भी कार्य व्यवहार में सुधार न होने तथा अस्पताल मे अव्यवस्था को लेकर सीएचसी श्रीदत्तगंज के अधीक्षक डा. सुजीत पांडेय को हटा दिया गया है।
उनके स्थान पर डा. विकल्प मिश्रा को प्रभार सौंपा गया है। सीएचसी के वरिष्ठ सहायक ( लिपिक) जगदीश सिंह को सीएमओ आफिस से संबद्ध कर दिया गया है।
सीएमओ डा. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर डा. सुजीत को चेतावनी दी गई थी । कार्य व्यवहार में सुधार करने का निर्देश दिया गया था। बार-बार चेतावनी के बाद भी न तो अस्पताल की व्यवस्था सुधरी और न उनके कार्य व्यवहार में ही सुधार हुआ।
बीते दिनों सदर विधायक पल्टूराम के निरीक्षण के दौरान भी अस्पताल में तमाम खामियां पाई गई थीं जिसपर उन्होंने नाराजगी भी जताई थी। इन्हीं सब बातों को लेकर डा. सुजीत को अधीक्षक पद से हटाकर पीएचसी महदेइया का प्रभारी चिकित्साधिकारी बनाया गया है।
वहां पर तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. विकल्प मिश्रा को सीएचसी श्रीदत्तगंज के अधीक्षक पद का प्रभार सौंपा गया है। तमाम शिकायतों पर वरिष्ठ सहायक जगदीश सिंह को सीएमओ कार्यालय से संबद्ध किया गया है।