बलरामपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षुओं को रोजगार के बड़े अवसर मिलेंगे। उन्हें उद्योगम प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। यह प्लेटफाॅर्म प्रशिक्षुओं व कंपनियों के बीच समन्वय स्थापित करने का काम करेगा। कंपनियां जरूरत के अनुसार प्रशिक्षुओं का चयन कर रोजगार देंगी। इससे युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे। इसके अलावा प्रशिक्षुओं को नियमित रूप से सॉफ्ट स्किल डवलपमेंट का प्रशिक्षण भी मिलेगा।
आईटीआई में वायरमैन, वेल्डर, स्विंग टेक्नालॉजी, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिसटेंट, फिटर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्राॅनिक मकैनिक, मोटर मकैनिक व्हीकल, ड्राफ्ट्समैन सिविल/मकैनिकल, मकैनिक रेडियो एंड टीवी, टर्नर, मशीनिष्ठ, स्टेनोग्राफी, फैशन टेक्नालॉजी, बेसिक कॉस्मेटोलॉजी आदि ट्रेड संचालित किए जाते हैं। जिसमें करीब एक हजार प्रशिक्षु अध्ययन करते हैं। यहां से उत्तीर्ण होने के बाद प्रशिक्षुओं को रोजगार प्राप्त करने में तमाम तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वे विषय में तो पारंगत हो जाते हैं, लेकिन पर्सनैलिटी डवलपमेंट के बारे में अधिक जानकारी नहीं होती है। अब प्रशिक्षुओं को हर तरीके से तैयार किया जाएगा। इसके लिए तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक चरण 30 घंटे का होगा। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए जल्द ही इस योजना को लागू किया जाएगा।