बलरामपुर के जरवा में सामान की जांच करते डॉग स्क्वायड ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। नेपाल में पांच मार्च को प्रस्तावित आम चुनाव और होली पर्व के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता और बढ़ा दी गई है। सामान्य आवाजाही जारी है, लेकिन कड़ी जांच-पड़ताल के कारण सीमा पार करना पहले की तुलना में कठिन हो गया है। अब सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए डॉग स्क्वॉड की भी तैनाती कर दी गई है।
सीमावर्ती चौकियों और संवेदनशील पगडंडियों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जरवा व गैसड़ी क्षेत्र की सीमाओं पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है। होली के दौरान मादक पदार्थ, शराब, नकदी व अन्य प्रतिबंधित सामग्री की तस्करी की आशंका को देखते हुए अभियान तेज कर दिया गया है। डॉग स्क्वॉड विस्फोटक व मादक पदार्थों की पहचान के लिए सक्रिय है।
जरवा के प्रभारी निरीक्षक राकेश पाल ने बताया कि एसएसबी के साथ पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है। एसएसबी की स्थानीय इकाइयों ने सीमावर्ती गांवों में जागरूकता बढ़ाई है, वहीं पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही है। हाल के दिनों में ब्राउन शुगर तस्करी के मामलों में गिरफ्तारी के बाद सतर्कता और बढ़ा दी गई है। सीमा से सटे जंगल क्षेत्रों में वन विभाग की टीम भी सक्रिय है। कई स्थानों पर जंगल मार्गों से अवैध आवागमन की संभावना को देखते हुए गश्त की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे घने जंगल और कच्चे रास्ते सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने रहते हैं। ऐसे में बहुस्तरीय निगरानी की रणनीति अपनाई गई है।