बलरामपुर। साइबर अपराधी डिजिटल अरेस्ट से धमकाने का प्रयास करते हैं। इससे न डरें। पुलिस डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है। इससे परेशान न हों बल्कि शिकायत करें। साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए शनिवार को वित्तीय संस्थानों में अभियान चलाया गया। बैंक ग्राहकों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
एसपी विकास कुमार ने बताया कि इस समय डिजिटल अरेस्ट करके लोगों के साथ ठगी की जा रही है। साइबर अपराधियों ने ठगी करने का नया तरीका अपनाया है। लोगों को इससे बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक नगर सुधीर कुमार सिंह ने डाकघर, एसबीआई, पीएनबी समेत अन्य बैंकों का निरीक्षण किया। ग्राहकों को साइबर फ्रॉड से बचने के बारे में जानकारी दी गई।
प्रभारी निरीक्षक देहात बृजानंद सिंह ने वित्तीय संस्थानों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरा व फायर अलार्म भी चेक किया। इसी तरह तुलसीपुर में संजय कुमार दुबे, हरैया में अभिषेक सिंह, ललिया में सत्येंद्र कुमार वर्मा, रेहरा बाजार में दुर्गेश कुमार सिंह व पचपेड़वा में सत्येंद्र बहादुर सिंह सहित सभी थानों के प्रभारी निरीक्षकों ने वित्तीय संस्थानों की जांच की।