बलरामपुर। विज्ञान एवं नवप्रवर्तन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. दिव्यदर्शन तिवारी को जगदीश चंद्र बसु विज्ञान दल पदक प्रदान किया गया है। अखिल भारतीय विज्ञान दल द्वारा जिले के युवा वैैज्ञानिक आशुतोष पाठक को सड़क सुरक्षा प्रोजेक्ट के लिए सम्मानित किया गया है।
अखिल भारतीय विज्ञान दल के तत्वावधान में बीते दिन सरस्वती विद्या मंदिर बहराइच में विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। विज्ञान मेले में विज्ञान के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले विज्ञान शिक्षक व युवा वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया।
इस क्रम में एमएलके महाविद्यालय बलरामपुर के वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक डॉ. दिव्यदर्शन तिवारी को विधायक सुरेश्वर सिंह ने विज्ञान एवं नवप्रवर्तन के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए जगदीश चंद्र बसु विज्ञान पदक सम्मान प्रदान किया।
इसी तरह विज्ञान मित्र क्लब के उप समन्वयक आशीष पाठक तथा सदस्य कुलदीप शर्मा व अवनीश पाठक को डॉ. जगदीश चंद्र बसु युवा वैज्ञानिक विज्ञान पदक प्रदान किया गया।
सड़क सुरक्षा प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने पर जिले के युवा वैज्ञानिक आशुतोष पाठक को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. घनश्याम पांडेय, डॉ. रविकांत, प्रशांत शुक्ला एवं अंजली ढाका सहित तमाम विज्ञान शिक्षक व युवा वैज्ञानिक मौजूद रहे।