बलरामपुर। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में सदर व उतरौला विधानसभा क्षेत्रों में मंडलीय टीमें जांच करेंगी। सभी टीमें को बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के साथ अनुपस्थित वोटरों का खंगालना है। मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल गोंडा शशि भूषण लाल सुशील ने मंडलीय टीमों से 19 दिसंबर तक जांच रिपोर्ट तलब की है।
सदर विधानसभा क्षेत्र में भाग संख्या 84, 91, 92 व 93 पर अनुपस्थित वोटरों की संख्या अधिक मिली है। इसकी जांच अधीक्षण अभियंता जल निगम करेंगे। सदर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 100, 104, 115 व 121 में अनुपस्थित वोटरों का अधीक्षण अभियंता आरईडी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सदर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 123, 125, 130 व 131 पर अनुपस्थित वोटरों की संख्या अधिक होने पर उप निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण से जांच कराई जा रही है।
सदर विधानसभा क्षेत्र की भाग संख्या 132, 135, 141 व 142 पर अनुपस्थित वोटरों के ब्योरे की जांच उप निदेशक समाज कल्याण करेंगे। इसी तरह से उतरौला विधानसभा क्षेत्र में भाग संख्या 72, 87, 94 व 97 पर अनुपस्थित वोटरों की जांच उप महानिरीक्षक स्टांप को सौंपी गई है। उतरौला के ही भाग संख्या 103, 104, 122 व 139 में अनुपस्थित वोटरों का ब्योरा खंगालने की जिम्मेदारी अपर निदेशक पशुपालन को दी गई है। इसी विधानसभा क्षेत्र की भाग संख्या 144, 171, 203 व 269 की जांच अधीक्षण अभियंता नलकूप मंडल को सौंपी गई है। उतरौला के ही भाग संख्या 280, 363, 425 व 461 में अनुपस्थित वोटरों का ब्योरा उप श्रमायुक्त को जुटाना है।
शहर के बजाय गांव में रहना पसंद कर रहे वोटर
सदर व उतरौला विधानसभा क्षेत्र के अनुपस्थित वोटरों की अधिक संख्या वाले सभी बूथ शहर के हैं। बातचीत के दौरान लोगों ने बताया कि शहर में मतदाता बने रहने में कोई दिलचस्पी नहीं है। गांव में वोटर होने से पंचायत का चुनाव लड़ सकते हैं, जबकि शहर में कोई चुनाव नहीं लड़ना है। अपने गांव में वोटर बने रहने के लिए शहर से लोग गणना प्रपत्र नहीं भर रहे हैं।
समय बढ़ा, की जा रही तलाश
एसआईआर के लिए समय बढ़ गया है। सदर व उतरौला विधानसभा क्षेत्र में अनुपस्थित वोटरों की तलाश की जा रही है। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में साफ-सुथरी मतदाता सूची तैयार कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
-विपिन कुमार जैन, डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी