बलरामपुर। जिला बार संघ के चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुवार को बार संघ की साधारण सभा की बैठक में 28 नवंबर से सदस्यता अभियान शुुरू करने का निर्णय लिया गया है। 22 दिसंबर को संघ के नए पदाधिकारियों के चुनाव के लिए मतदान होगा। उसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।
जिला बार संघ के महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने बताया कि बैठक में सदस्यता अभियान 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलाने का निर्णय लिया गया। वर्ष 2020 के पहले पंजीकृत व अधिवक्ता पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले जनपद मुख्यालय के अधिवक्ता 120 रुपए वार्षिक सदस्यता शुल्क महामंत्री के पास जमा करके सदस्य बन सकेंगे।
चुनाव कराने के लिए मुकेश सिंह को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। एल्डर कमेटी की देखरेख में मॉडल बाइलॉज के अनुसार चुनाव कराया जाएगा। मतदान तिथि 22 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
चुनाव के अन्य कार्यक्रमों की घोषणा निर्वाचन अधिकारी द्वारा 15 दिसंबर तक कर दी जाएगी। बैठक में रामानंद मिश्रा, राज कुमार श्रीवास्तव, अजय सिंह, पंकज शर्मा, राम बलि मिश्रा, अजय कुमार श्रीवास्तव समेत तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।