बलरामपुर। प्रदेश सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर नगर पालिका प्रांगण में रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीएम स्ट्रीट आत्मनिर्भर निधि योजना सहित अन्य तमाम योजनाओं के तहत 50 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व टूल किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पल्टूराम ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उन्होंने पीएम स्ट्रीट आत्मनिर्भर निधि योजना, श्रम विभाग तथा खादी ग्रामोद्योग आदि की तरफ से 50 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व टूल किट वितरित करते हुए कहा कि सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए काफी प्रयास कर रही है।
लोगों को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है। पीएम स्ट्रीट आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत पटरी दुकानदारों को व्यवसाय करने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा सहायता योजना, मेधावी छात्र पुरस्कार योजना, निर्माण कामगार सहायता योजना, कौशल विकास व तकनीकी प्रमाणन आदि योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए लोगों का आह्वान किया।