रेहरा बाजार (बलरामपुर)। जल जीवन मिशन के तहत मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में ग्रामीणों को अशुद्ध पानी पीने से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए शुद्ध पानी पीने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता रैली को खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने ब्लॉक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हम लोग जो पानी पी रहे हैं वह दूषित हो चुका है। इससे तमाम तरह की बीमारियां होती हैं। इनसे बचाने के लिए शासन की तरफ से हर घर नल से जल योजना के तहत शुद्ध जल पहुंचाया जा रहा है।
अशोक मौर्य ने बताया कि स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पानी लेने के लिए कनेक्शन लेना आवश्यक है। राजवर्धन सिंह ने कहा कि पानी को बचाया तो जा सकता है लेकिन बनाया नहीं जा सकता है। इसलिए इसके दोहन पर रोक लगाना होगा। शिव प्रियदर्शी ने कहा कि 2024 तक हर घर में नल से स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रति व्यक्ति 55 लीटर पानी प्रतिदिन उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर कृष्ण कुमार दूबे, आनंद तिवारी, प्रवेश त्रिपाठी, प्रभात शुक्ला, शालिनी मिश्रा, पूनम, अवनीश व संजय चौहान आदि मौजूद रहे।