बलरामपुर। दिव्यांग छात्राओं की शिक्षा की राह आसान बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में ई-ट्राइसाइकिल योजना शुरू की है। इसके तहत 16 वर्ष या इससे अधिक आयु की दिव्यांग छात्राओं को 65 हजार रुपये तक की स्मार्ट बैटरी से संचालित ई-ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।
ई-ट्राइसाइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल, कॉलेज, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और छात्रावास तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इससे उन्हें आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। शिक्षा जारी रखने में आने वाली परिवहन संबंधी परेशानियां भी कम होंगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली दिव्यांग छात्राओं के लिए यह योजना काफी मददगार साबित हो सकती है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजीव कुमार यादव ने बताया कि मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी और हीमोफीलिया सहित अन्य दिव्यांगताओं से प्रभावित छात्राएं योजना का लाभ ले सकेंगी।
आवेदन के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र, यूडीआईडी कार्ड और संबंधित शिक्षण संस्थान का अध्ययनरत प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा। निर्धन परिवार से जुड़ी दिव्यांग श्रेणी की छात्राएं आवेदन और योजना से संबंधित जानकारी के लिए विकास भवन परिसर स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं।