बलरामपुर। दिव्यांग छात्राओं की शिक्षा को सुगम और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ई ट्राइसाइकिल योजना शुरू की है। योजना के तहत 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की दिव्यांग छात्राओं को 65 हजार रुपये तक की स्मार्ट बैटरी से संचालित ई ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छात्राओं को विद्यालय, महाविद्यालय, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और छात्रावास तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजीव कुमार यादव ने बताया कि मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी एवं हीमोफीलिया सहित अन्य दिव्यांगता से प्रभावित छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा। आवेदन के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी से जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र, यूडीआईडी कार्ड तथा संबंधित शिक्षण संस्थान का अध्ययनरत प्रमाणपत्र लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले और आयकर दाता की श्रेणी में न आने वाले परिवारों को प्राथमिकता मिलेगी। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन संबंधी सहायता के लिए विकास भवन परिसर स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।