बलरामपुर। दीपावली से पहले शुक्रवार को मनाए जाने वाले धनतेरस के लिए बाजार पूरी तरह सजधज कर तैयार हो गए है। कारोबारियों ने आस जताई है कि इस बार धनतेरस का बाजार करीब 135 कराेड़ के कारोबार से चहकेगा। इस बार धनतेरस पर सर्वार्थ सिद्धि योग होने से लोग खरीदारी को काफी शुभ मान रहे हैं।
इस कारण सबसे ज्यादा उत्साह सराफा व्यापारियों में देखा जा रहा है। सराफा बाजार से जुड़े कारोबारी ज्वैलर्स कारोबारी राजा गुप्ता व आरिफ ने इस बार धनतेरस पर 75 करोड़ के व्यापार का भरोसा जताया है। इसके साथ ही दो पहिया व चार पहिया वाहनों का बाजार भी इस बार पूरी तरह गुलजार है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े व्यापारी गौरव सिंह ने बताया कि इस बार छोटे बड़े करीब 200 वाहनाें की बिक्री से कारोबार 35 करोड़ के पार होगा। वहीं कपड़े की खरीद फरोख्त आठ करोड़ तो बर्तनों की खरीद का आंकड़ा भी 12 करोड़ के आस पास होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही पांच करोड़ रुपये के करीब मूर्तियों, खिलौना, मिठाई, सजावटी के सामानाें की खरीद व बिक्री होने की उम्मीद बाजार से लगाई जा रही है।
धनतेरस पर बाजारों में सजी कपड़े, बर्तन, खिलौने व सराफा की दुकानों पर तरह तरह के आकर्षक ऑफर की बहार भी खास तौर पर ग्राहकों को अपनी ओर लुभा रही है। शहर के कई प्रमुख आभूषण कारोबारियों के पास बीते तीन दिन में ही सैकड़ों खरीदारों ने गहनों की एडवांस बुकिंग भी करवा ली है। इसकी डिलीवरी अब धनतेरस के शुभ मुहूर्त में होगी। ग्राहकों को लुभाने के लिए खास तौर पर जीरो मेकिंग चार्ज, सोने के साथ चांदी के सिक्के फ्री और लकी कूपन जैसे ऑफर भी हैं।
बर्तन कारोबारियों ने भी अगले दो दिन के लिए अतिरिक्त स्टॉक दुकानों पर पहले से जुटा लिया है। बर्तन कारोबारी संतोष ने कहा कि इस बार नवरात्र के बाद से ही खरीदारी में तेजी है। इलेक्ट्रानिक दुकानों पर नए-नए डिजाइन के इलेक्ट्रानिक झालर बिकने के लिए तैयार हैं।
मिठाइयों की भारी मांग
त्योहारी सीजन के चलते मिठाइयों की मांग काफी बढ़ी है। धनतेरस और दिवाली पर मांग को देखते हुए ज्यादा मिठाइयां तैयार करवाई जा रही हैं। मिठाई कारोबारी सरदार अमरजीत सिंह ने बताया कि दीपावली में ग्राहकों के मनपसंद की मिठाईयों तैयार की गई हैं।