बलरामपुर। वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में चल रहे श्रीहनुमत जयंती महोत्सव का समापन मंगलवार को अन्नकूट भंडारे के साथ हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन श्री रामाकृष्णा इंटरनेशनल के तत्वाधान में रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जहां 15 महादानियों ने रक्तदान किया, वहीं दो हजार से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित किया गया।
नौ नवंबर से चल रहे श्री हनुमत जयंती महोत्सव के अंतिम दिन हनुमानगढ़ी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत महेंद्र दास जी महराज ने यज्ञ-हवन किया। सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी एवं श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने भगवान श्रीराम व माता सीता की आरती उतारकर अन्नकूट भंडारे का शुभारंभ किया। दोपहर बाद शुरू हुआ भंडारे देर रात तक चला। भंडारे में भाजपा नेता महेश तिवारी, राजेश तिवारी, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह व कृष्ण कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।