बलरामपुर। स्थानीय बाजार की बिजली कटौती को लेकर बाजार वासियों ने शनिवार को सब स्टेशन परसा पलईडीह पहुंचकर प्रदर्शन किया। शीघ्र बिजली व्यवस्था दुरुस्त न होने पर बाजार वासियों ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
विद्युत सब स्टेशन परसा पलईडीह में धरने को संबोधित करते हुए सूरज सिंह, एहतेशाम, सुनील विश्वकर्मा, विनीत मोदनवाल, रफीक, डीडीसी शहवाज खान, नावेद व इरशाद आदि ने कहा कि गैसड़ी बाजार की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।
तीन दिन से गैसड़ी बाजार में बिजली सप्लाई नहीं दी गई है जबकि अन्य क्षेत्रों में बिजली की सप्लाई जारी थी। आक्रोशित लोगों ने विद्युत सब स्टेशन पर ताला लगा दिया और घंटों प्रदर्शन किया।
मौके पर मौजूद विद्युत सब स्टेशन के जेई ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार कराए जाने का आश्वासन दिया। जेई तबरेज के समझाने बुझाने पर लोग मान गए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।