बलरामपुर। ककरहवा पहाड़ी नाले के कटान से पीड़ित तुलसीपुर तहसील के गढ़वाकला के ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। गढ़वाकला गांव ककरहवा पहाड़ी नाले से मात्र 15 मीटर की दूरी तक पहुंच चुकी है।
शीघ्र ही इस समस्या का निराकरण नहीं कराया गया तो गांव का अस्त्तिव पहाड़ी नाले के कटान से विलीन हो जाएगा। ग्रामीणों ने सीएम व डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर कटान से बचाने की मांग की है। प्रशासन की तरफ से बाढ़ खंड के अधिकारियों को आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है।
तुलसीपुर ब्लॉक के गढ़वा कला ग्राम पंचायत के ग्रामीण सुनील कुमार, राकेश कमार, मोहम्मद सगीर, जलाल, मंगल प्रदसाद, शेषमणि, केशवराम, इबरार, नितीश द्विवेदी, जावेद अली व उसमान अली आदि ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि कई बार ककरहवा पहाड़ी नाले के कटान को रोकने के लिए प्रशासन को सूचना दी गई लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बरसात के समय बाढ़ आने पर ककरहवा पहाड़ी नाला हर साल कटान कर रहा है। पहाड़ी नाले के कटान की जद से मात्र 15 मीटर की दूरी पर गांव रह गया है। इस बरसात में गांव का अस्तित्व पूरी तरह से समाप्त हो जाने की चिंता ग्रामीणों का सता रही है। ककरहवा पहाड़ी नाले के कटान में गांव के आठ लोगों के घर अब तक समाहित हो चुके हैं।
कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद प्रशासन की तरफ से पहाड़ी नाले के कटान को रोकने के लिए आश्वासन तो दिया गया लेकिन धरातल पर कोई कार्य शुरू नहीं किया गया। इन लोगों ने सीएम, क्षेत्रीय विधायक व डीएम को फिर से प्रार्थना पत्र भेजकर समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल की तरफ से भी बाढ़ खंड के एक्सईएन को कटान रोकने के संबंध में आवश्यक कार्य करने का निर्देश दिया गया है। तुलसीपुर एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने बताया कि डीएम श्रुति के निर्देश पर उन्होंने ककरहवा पहाड़ी नाले से हो रहे गढ़वाकला गांव के कटान निरीक्षण किया और बाढ़ खंड के अधिकारियों को कटान रोकने के संबंध में आवश्यक कार्य करने का निर्देश दिया है।