बलरामपुर। जून 2024 में जिले की पुलिस कमान संभालने वाले एसपी विकास कुमार का दो साल से अधिक का कार्यकाल कई बड़ी पुलिस कार्रवाइयों के लिए चर्चा में रहा। साइबर अपराध, संगठित अपराध, हत्या, लूट और चोरी के मामलों के साथ आर्थिक अनियमितताओं की जांच में भी पुलिस ने कार्रवाई की। कुछ मामलों की जांच की कड़ियां जिले की सीमा से बाहर तक जुड़ी मिलीं।
एसपी विकास कुमार के कार्यकाल में साइबर अपराध पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहा। लोन और गेमिंग एप के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले नेटवर्क की जांच में पुलिस अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंची। जांच में करीब 146 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया। कई आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और रकम के लेनदेन की कड़ियां खंगाली गईं। जांच के दौरान करोड़ों रुपये की क्रिप्टोकरेंसी विदेश भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई।
मिड-डे मील (एमडीएम) घोटाले की जांच भी एसपी के कार्यकाल में चर्चा में रही। सरकारी विद्यालयों में बच्चों के भोजन के लिए मिलने वाली रकम और खाद्यान्न में अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेज, बैंक खाते और लेनदेन खंगाले गए। घोटाले की रकम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच आगे बढ़ाने के लिए पुलिस स्तर से भी कार्रवाई की गई।
अब मार्तंड प्रकाश सिंह होंगे नए एसपी, आज संभालेंगे कार्यभार
हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात मार्तंड प्रकाश सिंह को जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसी वर्ष एसपी पद पर पदोन्नत हुए सिंह मूल रूप से अंबेडकरनगर के रहने वाले हैं। बतौर पुलिस अधीक्षक यह उनका पहला जिला है। वह शनिवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। थानों में जनसुनवाई को भी प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया जा सके।
फोटो-23-विकास कुमार, एसपी