बलरामपुर। नगर क्षेत्र की एक महिला ने युवक पर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है। नगर कोतवाली में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुल्लापुर निवासी रामजनम काफी समय से उसे परेशान कर रहा है। वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से महिला और उसके पति को लगातार फोन कर अश्लील बातें करने के साथ ही फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी देता था। महिला का आरोप है कि आरोपी पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी व्हाट्सएप पर भी अभद्र और धमकी भरे संदेश भेजता था। साथ ही शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाते हुए इंटरनेट पर अश्लील तस्वीरें प्रसारित करने की धमकी देता था। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर इस मामले में नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।