बलरामपुर। नगर पालिका परिषद बलरामपुर के सीमा विस्तार के लिए सदर विधायक पल्टूराम के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने नगर विकास मंत्री को मांगपत्र सौंपा है। नगर विकास मंत्री ने नगर पालिका क्षेत्र के सीमा विस्तार का आश्वासन भाजपा नेताओं को दिया है।
सदर विधायक पल्टूराम, भाजपा नेता डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू व जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह ने बीते दिन लखनऊ में नगर विकास मंत्री एके शर्मा से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने नगर विकास मंत्री को मांगपत्र सौंपकर बलरामपुर नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार की मांग की।
मांगपत्र में कहा कि सदर ब्लॉक का राजस्व ग्राम विशुनीपुर, कलवारी, विशुनापुर, सिरसिया, महादेव मिश्र, धुसाह, सेखुईकला, कोयलिया और बलरामपुर देहात नगर से सटे होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।
इन राजस्व ग्रामों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल करने से जहां विकास कार्य तेजी से होंगे वहीं, यहां के लोगों को बेहतर नगरीय सुविधाएं भी मिलने लगेंगी। नगर विकास मंत्री ने भाजपा नेताओं को आश्वासन दिया है कि जल्द ही सीमा विस्तार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।