बलरामपुर के सोनपुर धुतकहवा में रोते-बिलखते मृतक के परिजन।
जरवा (बलरामपुर)। तुलसीपुर थाना क्षेत्र में सोनपुर व धुतकहवा गांव के बीच नव विवाहिता का शव सोमवार दोपहर को गन्ने के खेत में मिला। उनका गला रेता हुआ था। मृतका के पिता ने पति पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले की छानबीन में पुलिस जुट गई है।
सोनपुर निवासी ओम प्रकाश यादव ने बताया कि उनकी बेटी इंदिरा (22) की शादी एक वर्ष पहले खिरिया मनकौरा निवासी गब्बर यादव के साथ हुई थी। आरोप लगाया कि उनकी अपने पति से दहेज और गाड़ी की मांग को लेकर आए दिन कहासुनी होती थी। झगड़ा होने पर बेटी फोन से उन्हें जानकारी भी देती थी। आठ दिन पहले इंदिरा अपने ससुराल से मायके आई थी। वह दो माह की गर्भवती थी। रविवार की शाम पति गब्बर गांव आया था और फोन कर बेटी को बुलाया। साथ में बेटी की मां और बहन भी गई थी।
उन्होंने बताया कि गांव के बाहर गब्बर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था। बेटी को वह मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया, लेकिन मां और बहन को सड़क पर ही रोक दिया था। पूरी रात लड़की के बारे में जानकारी के लिए पति के फोन पर कई बार कॉल किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। सोमवार दोपहर तीन बजे ग्रामीणों ने बेटी का शव सोनपुर और धुतकहवा गांव के बीच गन्ने के खेत में पड़े होने की सूचना दी। सूचना पर हम लोग मौके पर पहुंचे तो बेटी का गला रेता हुआ मिला। क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फाेरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाया है। घटना की छानबीन की जा रही है।