बलरामपुर। सादुल्लाहनगर थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत मद्दौघाट के पास जंगल में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की है।
ग्राम मद्दौघाट निवासी विजय कुमार (35) वेल्डिंग की दुकान चलाते थे। विजय की पत्नी कुसुमा ने बताया कि शनिवार सुबह सात बजे स्नान व पूजा करने के बाद पति होटल पर चाय पीने के लिए निकले थे। दोपहर तीन बजे गांव के पास जंगल में लकड़ी लेने गईं महिलाओं ने एक युवक का शव पेड़ पर लटका देख शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर वहां भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने युवक की पहचान विजय कुमार के रूप में करते हुए परिजनों को सूचना दी। विजय की मौत से पत्नी कुसुमा, बेटे शिवम व ओम का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में छानबीन की जा रही है। (संवाद)