ओवरटेक करते समय डीसीएम और पिकअप में भिड़ंत
- फोटो : संवाद
यूपी के बलरामपुर में पिकअप और डीसीएम में भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि ओवरटेक के दौरान भिड़ंत हुई है। हादसा कोतवाली क्षेत्र के मुख्य एनएच मार्ग पर बसंतपुर गांव के पास शनिवार सुबह 5:30 बजे हुआ।
बलरामपुर से बढ़नी की तरफ आगे पीछे चल रही डीसीएम और पिकप में हुई टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। पोल को तोड़ते हुए सड़क से नीचे चली गई। वहीं डीसीएम सड़क पर एक पुलिया से टकराकर रुक गई।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना गैसड़ी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप सवार दो लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी गैसड़ी पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल बलजीत कुमार राव ने बताया कि मृतकों की पहचान निसार मोहम्मद पुत्र नसरुद्दीन (30) वर्षीय निवासी जागुवासाई जिला बदायूं तथा श्याम सिंह यादव पुत्र महेंद्र पाल सिंह यादव निवासी फिलनगर शाहजहांपुर के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है।
परिजनों के मुताबिक निसार अपने सहयोगी श्याम सिंह यादव के साथ पिकअप पर फॉर्म गद्दा लादकर रजडेरवा (गैसड़ी) जा रहा था। जिस डीसीएम से भिड़ंत हुई उस पर मटर लदा हुआ था, जो बढ़नी जा रही थी। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन को छोड़कर मौके पर फरार हो गया। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।