बलरामपुर। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के ब्लॉक स्तरीय चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। नौ से 16 मई के बीच ब्लॉकों में चुनाव कराया जाएगा। इसकी घोषणा रविवार को पुरैनिया तालाब मोहल्ले में जिला कार्य समिति की बैठक में की गई। इसमें चुनाव कराने के लिए ब्लॉकवार संयोजक भी नियुक्त किए गए हैं।
जिलाध्यक्ष कमरूद्दीन अंसारी ने बताया कि नौ मई को तुलसीपुर शिक्षा क्षेत्र का चुनाव पूर्व माध्यमिक विद्यालय कौवापुर में होगा। इसी तरह 10 मई को पूर्व माध्यमिक विद्यालय गैसड़ी, 12 को पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिवपुरा, 13 को बीआरसी पचपेड़वा व रेहरा बाजार तथा 16 मई को बीआरसी बलरामपुर में ब्लॉक कार्यकारिणी का चुनाव कराया जाएगा।
चुनाव कराने के लिए राघवेंद्र प्रताप सिंह शिवाजी को गैसड़ी व विष्णुकांत श्रीवास्तव को शिवपुरा ब्लॉक की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में पदाधिकारियों ने शिक्षकों की पदोन्नति शीघ्र किए जाने, सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों का जीपीएफ व पेंशन समेत अन्य बकाया भुगतान आदि के बारे में चर्चा भी की। इस अवसर पर शिक्षक बृजेश कुमार चौधरी, पंकज कुमार पांडेय, राजेश कुमार, विजय पाल मौर्या, प्रेम गुप्ता व आफरीन आदि मौजूद रहे।