बलरामपुर। जिले में आई आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था को हुए नुकसान के सात दिन बाद भी करीब 450 गांवों में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली विभाग मरम्मत कार्य में कर्मचारियों के जुटे होने का दावा कर रहा है, लेकिन आपूर्ति बहाल होने में देरी से उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को उतरौला में उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध जताया।
नगर में सिटी पैलेस के पास केबल बॉक्स जलने से बुधवार को पूरबटोला उपकेंद्र की बिजली करीब एक घंटे बंद रही। मरम्मत के बाद आपूर्ति शुरू हो सकी। इसी तरह भगवतीगंज और टाउन उपकेंद्रों पर भी बिजली की आवाजाही से उपभोक्ता परेशान रहे।
उतरौला में आंधी-बारिश के बाद ठप हुई बिजली आपूर्ति सात दिन बाद भी बहाल न होने पर बुधवार को उपभोक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। बिजली विभाग की उदासीनता से नाराज नागरिकों ने मुख्य बाजार स्थित राजा बाजार में प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
उपभोक्ता नीरज कुमार, महेश गुप्त, अनिल कुमार, सलमान खान, विनीश गुप्त, मारुति गुप्त, विवेक सोनी, संजय गुप्त, राकेश खुराना, सुरेश गुप्त व अफजल खान ने बताया कि नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सोमवार तक बहाल कर दी गई थी, लेकिन राजा बाजार और पटेलनगर के करीब 700 घरों में अब भी अंधेरा है। आंधी में टूटे बिजली के पोल अब तक नहीं बदले गए हैं।
गौरा चौराहा क्षेत्र के करीब 150 गांवों में भी बिजली आपूर्ति बाधित है। आंधी-बारिश में भोजपुर चौराहा के पास हाईटेंशन लाइन और पोल टूटने से क्षेत्र के कई गांवों में आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। भोजपुर संतरी चौराहा, कुड़वा, मदरहवा, झौव्वा, बेलहसा, सुस्ता, जोगीडीह और नेब्बुलडीह समेत करीब 150 गांवों के ग्रामीण बिजली का इंतजार कर रहे हैं।
अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर चौरसिया ने बताया कि मरम्मत कार्य चल रहा है। अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू हो गई है। कुछ क्षेत्रों में पोल और ट्रांसफार्मर बदलने का काम जारी है।
बिजली कर्मियों से मारपीट, कोतवाली में दी तहरीर
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बलरामपुर के अवर अभियंता ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बिजली कर्मियों के साथ मारपीट की शिकायत की है। अवर अभियंता के मुताबिक 29 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे बिजली कर्मी मंदीप सिंह, आजाद, श्रवण व नीरज ग्राम बघनी भवनियापुर में मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और बिजली कर्मियों के साथ जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान मंदीप सिंह से 4500 रुपये भी छीन लिए गए। कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाकर रात करीब 12 बजे गांव से बाहर निकल पाए। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बलरामपुर नगर के एसडीओ पिंटू यादव ने बताया कि शहरी उपकेंद्र में कार्यरत सरकारी लाइनमैन विनोद कुमार को विभागीय कार्य में सहयोग न करने पर नोटिस दिया गया है। नोटिस में उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।