बलरामपुर के तुलसीपुर में पाइप की मरम्मत करते कर्मी ।-संवाद
तुलसीपुर। नगर के वार्ड नंबर नौ में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन मंगलवार शाम को ठीक करा दी गई। हरैया तिराहे से देवीपाटन मंदिर जाने वाले मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए जेसीबी से पेड़ हटाने के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। नगर पंचायत कर्मियों ने 24 घंटे के भीतर इसे दुरुस्त कर जलापूर्ति बहाल कर दी। 24 फरवरी के अंक में खबर प्रकाशित की गई थी।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण के दौरान पाइप फटने से पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक करा दिया गया है। अब जलापूर्ति सुचारु रूप से चालू हो गई है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान अन्य पाइपलाइनों की सुरक्षा के लिए भी संबंधित विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन टूट जाने से करीब दो दर्जन घरों की पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। इससे क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। कई घरों में सुबह से पानी नहीं पहुंचने पर लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी।