बलरामपुर। दिव्यांग पेंशन के लिए जरूरी राशन कार्ड नंबर अथवा फैमिली आईडी कार्ड न देना दिव्यांग पेंशन पाने वालों पर भारी पड़ेगा। ऐसे एक हजार दिव्यांगजनों की पेंशन पर संकट मंडरा सकता है। इस संबंध में राशन कार्ड नंबर न जमा करने वाले लाभार्थियों की पेंशन को रोकने का निर्देश शासन स्तर से जारी हुआ है। यह जानकारी जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी एमपी सिंह ने दी।
बताया कि जिले में करीब 9807 लाभार्थियों को दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। जिनमें से 1641 लोगों का राशन कार्ड नंबर नहीं लगा हुआ है। इन पेंशनधारकों का सत्यापन शुरू किया गया है। 641 लोगों ने राशन कार्ड नंबर उपलब्ध करा दिया है। 1000 लाभार्थियों का राशन कार्ड नंबर नहीं मिल पाया है। दिसंबर तक राशन कार्ड नंबर या फैमिली आईडी कार्ड न जमा होने पर उन सबकी पेंशन रुक सकती है।
दिव्यांग पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों से अपील की है कि जिन लोगों ने भी अभी तक राशन कार्ड नंबर व आधार प्रमाणीकरण नहीं कराया गया है तो ऐसे लाभार्थी विकास भवन पहुंचकर दस्तावेज जमा कर सकते हैं। संवाद