तेंदुए के हमले में एसएसबी जवान व युवक घायल
तुलसीपुर नगर-बलरामपुर। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के जैसनडीह गांव के पास जंगल से निकलकर खेत की तरफ आए नर-मादा व दो बच्चों सहित चार तेंदुओं ने दिनभर लोगों को खूब छकाया।
तेंदुआ भगाने पहुंचे एसएसबी जवान तथा एक युवक तेंदुए के हमले से घायल हो गए हैं। मौके पर एसडीएम तथा सीओ की निगरानी में पुलिस, वन विभाग, एसएसबी तथा ग्रामीण तेंदुओं को भगाने में जुटे हुए हैं।
बुधवार सुबह जैसनडीह गांव के पास धान तथा गन्ने के खेत में नर मादा तेंदुआ तथा उनके दो बच्चों को ग्रामीणों ने देखा। धीरे-धीरे आस पास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तेंदुओं को भगाने की कोशिश करने लगे।
इसी बीच घात लगाकर झाड़ी में छिपे तेंदुए ने पड़ोसी गांव गदहखौवा निवासी अफजाल पर हमला कर दिया। अफजाल घायल हो गए। लोगों के शोर मचाने पर तेेंदुए गन्ने के खेत में छिप गए। इसी बीच एसएसबी जवान भी ग्रामीणों की मदद करने पहुंच गए।
तेंदुए ने एक बार फिर हमला कर एसएसबी जवान केशव कुमार सिंह को घायल कर दिया। मौके पर वन विभाग, पुलिस, एसएसबी तथा ग्रामीण हाका लगाकर तेंदुओं को भगाने में जुटे हैं। तेंदुए गन्ने के खेत में छिपे हुए हैं।
तुलसीपुर एसडीएम किशोर गुप्ता तथा सीओ दीप नरायन त्रिपाठी भी मौके पर हैं। समाचार लिखे जाने तक तेंदुओं को भगाने की कोशिश जारी थी।