बाइक सवार बदमाशों ने सर्राफ से लूटे चार लाख के जेवर
बलरामपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में सरेशाम दुकान बंद कर घर लौट रहे सराफा व्यवसायी का बैग तीन बाइकों पर सवार बदमाशों ने तमंचा लगाकर छीन लिया और भागने लगे। बैग में करीब चार लाख रुपये के गहने व नकदी रखा हुआ था।
लोगों ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। बदमाशों की एक बाइक की छूट गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
उतरौला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कपौवा शेरपुर निवासी दीपक सोनी ने बताया कि गालिबपुर में उनकी सराफा की दुकान है। शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में खमौहा पुल के पास पीछे से आए तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने दीपक को रोकने का प्रयास किया।
खतरा भांपकर दीपक ने बदमाशों की एक बाइक से अपनी बाइक लड़ा दी। बदमाश की बाइक खाई में चली गई। इसी बीच बदमाशों ने दीपक को रोक लिया और तमंचा सटाकर सोने चांदी के गहनों से भरा बैग लूटकर भागने लगे। इसी बीच दीपक ने गालिबपुर में अपने जानने वालों के पास फोन कर दिया।
लोगों ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस दीपक को साथ में लेकर बदमाशों की घेराबंदी शुरु कर दी है। देेर शाम खगईजोत गांव के पास बदमाशों की दूसरी बाइक भी लावारिस हालत में मिल गई है।
दो दिन पूर्व शिक्षिका से भी हो चुकी है लूट
-उतरौला कोतवाली क्षेत्र में गत 31 जनवरी को घर से स्कूल जा रही शिक्षिका से भी दो बाइक सवार बदमाशों ने गले की चेन लूट ली थी। ग्रामीण तथा पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो बदमाश बाइक छोड़कर खेत और जंगल की तरफ भाग गए।
चार थाने की पुलिस घंटो कांबिंग करती रही लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस की नाकामयाबी को लेकर लोगों को आक्रोश व्याप्त है तथा दिन दहाड़े व सरेशाम हो रही ताबड़तोड़ लूट से लोग दहशतजदा हैं।
हो रही है कांबिंग
-सर्राफा व्यवसायी का बैग लूटकर भाग रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए कांबिंग शुरु कर दी गई। जिले के साथ-साथ पड़ोसी जनपद की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है। बदमाशों की दो बाइक बरामद हुई हैं। जल्द ही बदमाश भी सलाखों के पीछे होंगे।
प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर