सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस
सादुल्लाहनगर (बलरामपुर)। मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति के सौतेले भाइयों ने फर्जीवाड़ा कर बैनामे की जमीन बेच दी। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत सीओ उतरौला से की। सीओ के निर्देश पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
सीओ उतरौला इंद्रजीत सिंह को दिए प्रार्थना पत्र में सादुल्लाहनगर निवासी बहराइची उर्फ लल्लू ने कहा है कि उसके बड़े पिता ने वर्ष 1998 में कुछ जमीन उसे वसीयत में दी थी। वर्ष 2002 में बहराइची ने जमीन का रजिस्ट्रर्ड बैनामा भी करा लिया। बहराइची का आरोप है कि उसके सौतेले भाई पलाले, राजू, सज्जूू, पिंटू व छोटू आदि ने फर्जीवाड़ा कर उसकी जमीन बेच दी। थानाध्यक्ष सादुल्लाहनगर रामाश्रय राय ने बताया कि सीओ के निर्देश पर मामले की जांच की गई। इसके बाद पलाले, राजू, सज्जू, पिंटू व छोटू सहित सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
चोरों ने घर से उड़ाया हजारों का माल
बलरामपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के विशुनीपुर गांव में बीती रात चोरों ने एक घर से नकदी व जेवर समेत हजारों रुपये का माल पार कर दिया। विशुनीपुर गांव निवासी सुमिरन ने बताया कि बुधवार की रात उसका परिवार घर में सो रहा था। इसी बीच देर रात चोर घर में घुस गए और जेवर, नकदी व अन्य सामान उठा ले गए। इस संबंध में नगर कोतवाल गंगेश शुक्ला ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। पीड़ित ने इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।