फोटो-10-बलरामपुर के देहात कोतवाली में तहरीर देने पहुंची मृतक की पत्नी कृष्णावती।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के कालीथान मंदिर के पास निर्माणाधीन सड़क पर युवक का शव संदिग्ध हालात में पाया गया है। युवक की पत्नी ने गांव के ही दो व्यक्तियों के खिलाफ रंजिश के कारण पति की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
देहात कोतवाली में दी गई तहरीर में ग्राम नौशहरा बेला निवासी कृष्णावती ने कहा है कि उनके पति सहजराम (45) का गांव के ही दो लोगों से रंजिश और जमीन का विवाद चल रहा है। पत्नी का कहना है कि गत शनिवार की शाम 7 बजे विपक्षियों ने कई लोगों के बीच पति को जान से मारने की धमकी दिए थे। शनिवार की देर रात पति घर के बरामदे से अचानक गायब हो गए।
बताया कि रविवार सुबह पति का शव गांव के बगल कालीथान मंदिर के पास निर्माणाधीन सड़क पर मिला है। पत्नी का आरोप है कि उसके पति की आंख फोड़ दी गई है। बयां कंधा टूटा है। सीने पर खरोंच के निशान हैं। पति की हत्या कर शव मंदिर के पास फेंका गया है। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कृष्णावती की तहरीर पर दो के खिलाफ केस दर्ज अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।