बलरामपुर। कोतवाली देहात के बलुआ गांव में शनिवार को कमरे में सो रही महिला मृत अवस्था में मिली, जबकि उसके पति का शव घर से 200 मीटर की दूरी पर खेत में लगे पेड़ से लटकता मिला है। खबर लिखे जाने तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बलुआ गांव निवासी नासरीन ने बताया कि उसके अब्बू हनीफ उर्फ ननकू (60) और अम्मी जुबैदा (55) शुक्रवार रात को खाना खाने के बाद कमरे में सो रहे थे। रात में दो बजे सहरी के लिए उठने के बाद जब वह मां को जगाने गई तो उसकी मां मृत मिली। यह देखकर चीख पुकार मच गई।
बताया कि अब्बू का कुछ पता नहीं चल पा रहा था। कुछ देर में लोगों ने बताया कि घर से 200 मीटर की दूरी पर गेहूं के खेत में पेड़ से हनीफ उर्फ ननकू का शव लटका मिला है। बताया कि वारदात कैसे हुई, यह पता नहीं है। उसका कहना है कि वह अंदर के कमरे में सो रही थी। घटना की सूचना मिलते एसपी केशव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
कोतवाल देहात राज कुमार सरोज ने बताया कि वैसे तो परिजनों ने कोई कारण नहीं बताया है। हालांकि गांव के लोग पति पत्नी के बीच कहासुनी की बात बता रहे हैं। इस बारे में भी जांच की जा रही है।
एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है कि वारदात की असली वजह क्या है। अभी तक कोई कारण समझ में नहीं आ रहा है।
इनसेट
पति-पत्नी में होता था विवाद
बेटी नासरीन ने बताया कि उसके अब्बू व अम्मी में आए दिन विवाद होता रहता था। बताया कि उसके अब्बू 12 दिन पहले ही मुंबई से उसके साथ आए हैं। वह तीन भाई व पांच बहन हैं। इसमें से तीनों भाई परिवार के साथ राजस्थान रहते हैं। तीन बहनों की शादी हो चुकी है। दो बहनें घर पर रहती हैं, इनकी शादी अभी नहीं हुई है।
इनसेट
गांव में पसरा मातम
बलुआ गांव में हुई घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। ननकू के घर पर दिन भर लोगों को आना जाना लगा रहा। परिजनों के चीत्कार से हर किसी की आंखें नम हैं।