बलरामपुर। जिले में कोरोना की स्थिति दिन प्रतिदिन भयावह होती जा रही है। शनिवार को जिले के लेवल-2 हॉस्पिटल में भर्ती सात कोरोना मरीजों की मौत हो गई है। जिले में 73 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है।
सीएमओ डा. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि नई बस्ती बलरामपुर निवासी कलावती देवी (73) को बुखार, खांसी व सांस की शिकायत पर 7 मई को जिला संयुक्त चिकित्सालय के लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती किया गया था। जहां इलाज के दौरान 8 मई को उनकी मौत हो गई।
लखौरा हरैया सतघरवा निवासी मीरा सिंह (50) को बुखार व खांसी की शिकायत होने पर सात मई को लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती किया गया था जहां इलाज के दौरान उसी दिन उनकी मौत हो गई।
वह पहले से ही दिल की बीमारी से ग्रसित थे। अमौला शिवपुरानिवासी शबाना (35) की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने पर 7 मई को लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती कराया गया था इलाज के दौरान उसी दिन उनकी मौत हो गई।
गोविंदबाग बलरामपुर निवासी मजिदा खातून (60) को बुखार व खांसी की शिकायत पर 6 मई को एल-2 कोविड हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 7 मई को उनकी मौत हो गई।
धर्मकाटा तुलसीपुर निवासी नीलम (35) को बुखार व खांसी की शिकायत होने पर 5 मई को लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती किया गया था जहां इलाज के दौरान 7 मई उनकी मौत हो गई। पिपरा बलरामपुर निवासी माता प्रसाद (65) की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने पर 6 मई को लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती कराया गया था इलाज के दौरान 7 मई को उनकी मौत हो गई।
गनवरिया खुर्द उतरौला निवासी लिललाही (67) को बुखार व खांसी की शिकायत पर 5 मई को एल-2 कोविड हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 6 मई को उनकी मौत हो गई।
जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में शनिवार को आई कोरोना रिपोर्ट में 73 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए लोंगों में सबसे अधिक छितरपारा गैड़ास बुजुर्ग के पांच व्यक्ति शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त बलरामपुर नगर, बलरामपुर ग्रामीण, तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, हरैया सतघरवा, उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग व रेहरा बाजार ब्लॉक के गांवों में भी तमाम लोग पॉजिटिव मिले हैं।
पॉजिटिव पाए गए लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इन लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार की जा रही है। पॉजिटिव पाए गए लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है।
इन लोगों के संपर्क में आए लोगों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा। जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 5896 हो गई है। 4682 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 94 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 1120 है।