बलरामपुर। जिले के हरैया सतघरवा ब्लॉक में मंगलवार को भी चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इस ब्लॉक में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमण के कुल एक्टिव केस 31 हो गए है। पॉजिटिव पाए गए लोगों को लेवल-1 हॉस्पिटल बलरामपुर में शिफ्ट किया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर जिले का हरैया सतघरवा ब्लॉक कंटेंनमेंट जोन की तरफ बढ़ रहा है। इस ब्लॉक के रामलखन इंटर कॉलेज गुगौली क्वारंटीन सेंटर में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के चार नए मामले पाए गए हैं। मंगलवार की शाम आई रिपोर्ट में 18, 36, 35 और 24 वर्ष के युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। सभी लोग बीते दिनों मुंबई से लौटे थे और इन्हें रामलखन इंटर कॉलेज गुगौलीकला में क्वारंटीन किया गया था। हरैया सतघरवा ब्लॉक में अब कोरोना के कुल 17 केस हो गए हैं। हरैया में लगातार केस बढ़ने के कारण वहां विशेष निगरानी की जा रही है। चारों पॉजिटिव पाए गए लोगों को लेवल-1 हॉस्पिटल बलरामपुर में शिफ्ट किया जा रहा है। पॉजिटिव पाए गए लोगों की हिस्ट्री खंगाली जा रही है। सीएमओ ने यह भी बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण के अब एक्टिव केस 31 हो गए है।
कोरोना संक्रमण की जांच के लिए मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 63 सैंपल संग्रहित किए गए है। अब तक 1386 सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए है जिसमें से 1300 रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। 1268 रिपोर्ट निगेटिव एवं 32 रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। एक युवक स्वस्थ होने के बाद घर भेज दिया गया है। जिले में एक्टिव केस 31 है। 79 सैंपल की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।