बलरामपुर। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है। डीएम कृष्णा करुणेश ने मंगलवार से जिले में धारा 144 लागू कर दिया है। बताया कि कोरोना वायरस का बढ़ता संक्रमण अब दूसरे फेज में पहुंच चुका है।
जिले भर के सभी शॉपिंग मॉल, सिनेमा घरों, शिक्षण संस्थानों आदि भीड़भाड़ वाले स्थानों को शासन के फरमान पर 31 मार्च तक बंद करने का फरमान जारी कर दिया गया है। सभी संचालकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। सभी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
डीएम ने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण का फैलाव पूरी दुनिया में हो गया है। जिसका शीघ्र निस्तारण किया जाना आवश्यक है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। जिले के सभी सिनेमा हाल, व्यायामशाला व अन्य संस्थानों को 31 मार्च तक के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है।
मालिकों, संचालकों व प्रबंधकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि 31 मार्च तक सभी संस्थानों को बंद रखें। डीएम ने एसपी देवरंजन वर्मा से वार्ता करके सभी थानों के प्रभारी निरीक्षकों को लाउडस्पीकर से प्रचार-प्रसार कराने और आदेश की प्रतियां सार्वजनिक व प्रमुख स्थलों जैसे तहसील भवनों, नगर निकायों के कार्यालयों व कलेक्ट्रेट आदि में चस्पा कराने का निर्देश दिया गया है।
कोरोना को हराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी सिनेमा घरों तथा व्यायामशालाओं को आगामी 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है। डीएम कृष्णा करूणेश ने सिनेमा घरों तथा व्यायामशालाओं से संबंधित अधिकारियों को निर्देश का अनुपालन कड़ाई से कराने को कहा है। इसके अलावा अन्य भीड़ भाड़ वाले आयोजनों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
मंगलवार को नगर पालिका परिषद सभागार में आपातकाल बैठक की गई। परिषद की अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली ने कहा कि नगर को कोरोना वायरस से मुक्त रखने के लिए हम सब को मिलजुल कर कार्य करने की जरूरत है। नगर में सफाई की समुचित व्यवस्था, नाले नालियों की नियमित सफाई और क्लोरीन युक्त शुद्ध पेयजल का इंतजाम पहले से कराया जा रहा है। सभासदों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि निगरानी में स्वयं कार्यक्रम चलवाएंगे।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय सिद्धार्थनगर कपिलवस्तु की तरफ से चल रही मुख्य परीक्षा 18 मार्च से दो अप्रैल तक स्थगित कर दी गई है। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने महाविद्यालयों को भेजे गए सूचना पत्र में कहा है कि तीन अप्रैल से होने वाली परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित तिथि, समय व परीक्षा केंद्रों पर ही होंगी। 18 मार्च से दो अप्रैल तक की स्थगित परीक्षाओं की तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी। यह जानकारी एमएलके पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. एनके सिंह ने दी है।