बलरामपुर। कोरोना को हराने में प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता है। लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के चारों नगर निकायों व प्रमुख कस्बों के 30 स्थानों पर घरों से बेवजह बाहर निकलने वाले लोगों पर मजिस्ट्रेटों का पहरा रहेगा। कोरोना को पूरी तरह से हराने के लिए प्रशासन ने शिकंजा कसा है। मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में पुलिस फोर्स लोगों के घरों से बाहर निकलने पर पैनी नजर रखेगी। पुलिस फोर्स ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करेगी।
डीएम कृष्णा करुणेश ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने एसपी देव रंजन वर्मा के साथ वार्ता करके नगर पालिका परिषद बलरामपुर व उतरौला और नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा के 30 मोहल्लों के लोगों पर घरों से बेवजह गलियों में बाहर निकलने पर कड़ी नजर रखने के लिए पुलिस फोर्स के साथ गुरुवार को मजिस्ट्रेटों को भी तैनात कर दिया गया है।
सोशल डिस्टेंसिंग की चूक न हो इसके लिए 30 मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी। लॉकडाउन में चूक व ढिलाई होने पर ही कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ने की संभावना हो सकती है।
सदर तहसील में बलुहा मोहल्ला में पुलिस चौकी से कालिया मस्जिद तक, चूड़ी मार्केट, पंडा मोहल्ला गोविंद बाग, गदुरहवा में रहमतुल्ला बाबा की मजार से मछली मंडी, रोडवेज से कर्बला तक, अलीजान पुरवा, अंधियारी बाग/निबकौनी, बड़ा पुल /कोठिया मोहल्ला, मुरलीपुर नहर बालागंज, सब्जी मंडी से उतरौला रोड पुलिया तक और मजीद मोड़ से गन्ना कार्यालय वाली गली तक, उतरौला तहसील में रफीनगर, पटेलनगर व हनुमानगढ़ी चूंगीनाका, तुलसीपुर तहसील में पुरानी बाजार चौक से उदासीन आश्रम कच्चा पोखरा, पुराना चौराहा से इटवा चौराहा, सुलेमान गली, नई बाजार चौक से बलरामपुर चौराहा तक हनुमानगढ़ी से लाल चौराहा तक, हरैया तिराहा से देवीपाटन तक, हनुमानगढ़ी से पूरब टोला तक, नई बाजार चौक से तहसील मोड़ तक व जरवा तिराहा बाईपास, गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र में मटेहना तिराहा, जैतापुर पिपरा चौराहा, बालापुर, नई बाजार पचपेड़वा व पुरानी बाजार पचपेड़वा व थाना महराजगंज में महराजगंज बाजार में मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में पुलिस फोर्स निगरानी करेगी।
बेवजह घरों से बाहर निकलने वालों के खिलाफ पुलिस फोर्स मजिस्ट्रेटों के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई करेगी। सभी मजिस्ट्रेटों से रोजाना की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।