Corona Alert: Additional Director Health took stock of preparations
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। अपर निदेशक स्वास्थ्य देवीपाटन मंडल डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय में कोरोना की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में स्थापित कोरेनटाइन वॉर्ड में शीलन व दुर्गंध पर नाराजगी जताते हुए तत्काल पुताई कराने निर्देश सीएमओ को दिया।
आइसोलेसन वॉर्ड में तत्काल वेंटिलेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ साथ ऑक्सीजन सिलेंडर व मॉनीटर रखाने का निर्देश भी दिया। सर्दी व जुकाम के मरीजों के लिए अस्पताल में ओपीडी, परचा एवं दवा वितरण कक्ष की व्यवस्था अलग करने का निर्देश प्रशासनिक अधिकारी संयुक्त चिकित्सालय को दिया।
इस दौरान क्वालिटी मैनेजर डॉ. रुचि पांडेय ने अपर निदेशक को अस्पताल में सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी दी। जिला संयुक्त चिकित्सालय से निकलकर अपर निदेशक स्वास्थ्य ने भारत नेपाल सीमा पर स्थित कोयलाबास जरवा स्थित कोरोना वायरस स्क्रीनिंग चेक पोस्ट का भी निरीक्षण किया।