बलरामपुर में मिट्टी लगाकर दुकान के अंदर पानी जाने से रोकने का प्रयास करता दुकानदार।
बलरामपुर। ठेकेदार की मनमानी का खामियाजा अब दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है। नवनिर्मित सड़क के किनारे मिट्टी डालकर काम रोक दिया गया। दो दिन हुई झमाझम बारिश के चलते करीब 300 दुकानों में मिट्टी व पानी घुस गया। दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों को करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पानी व कीचड़ हटाने के लिए शुक्रवार को पूरे दिन व्यापारी जूझते नजर आए। वीर विनय चौराहा से फुलवरिया बाईपास तक करीब पांच किलोमीटर की सड़क का निर्माण कराया गया है। निर्माण के बाद दोनों पटरियों पर फुटपाथ व नाली का निर्माण कराया जाना था। करीब छह माह बीत जाने के बाद भी ठेकेदार ने फुटपाथ व नाली का निर्माण नहीं कराया। सड़क के दोनों तरफ मिट्टी डाल दी गई। बारिश होने से मिट्टी से कीचड़ हो गया। कीचड़ व बरसात का पानी लोगों की दुकानों में घुस गया है।
बाइक स्पेयर पार्ट्स के विक्रेता चुन्नू व बक्सा व्यवसायी राजू आदि ने बताया कि दुकान में कीचड़ व पानी घुस जाने से कई महंगे पार्ट व सामान खराब हो गए हैं। इसी तरह अन्य दुकानदारों ने बताया कि कीचड़ व पानी से काफी नुकसान हुआ है।
पैदल चलना हुआ दूभर
कीचड़ सड़क की पटरी पर फैल गया है। इससे लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। नगरवासी विक्की, विनय गुप्ता, संतोष, शकील, राहुल व विवेक आदि का कहना है कि दो दिनों से हो रही बरसात के कारण कीचड़ फैला हुआ है। कीचड़ के चलते लोग फिसल कर गिर जाते हैं। दो बाइक सवार व तीन साइकिल सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। इन लोगों ने डीएम से सड़क किनारे इंटरलॉकिंग कराए जाने की मांग की है।
शीघ्र कराया जाएगा समस्या का निस्तारण
सड़क के किनारे मिट्टी डालकर फुटपाथ व नाली का निर्माण कराया जाना था। निर्माण अभी तक क्यों नहीं हुआ है इसकी जांच कराई जाएगी। कार्यदायी संस्था से वार्ता कर शीघ्र ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
- राजेंद्र बहादुर, एसडीएम सदर