तुलसीपुर (बलरामपुर)। खंभे पर चढ़कर काम करते समय अचानक बिजली चालू होने से संविदा कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। साथ में गए सहयोगी लाइनमैन की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बिजली विभाग के लाइनमैन रामलखन ने बताया कि वह शनिवार को अपने सहयोगी संविदा बिजली कर्मी चैनपुर निवासी शाहबान (40) के साथ तुलसीपुर विद्युत उपकेंद्र के जोडग्गा पोखरा मध्यनगर में बिजली की गड़बड़ी ठीक करने गया था। शाहबान खंभे पर चढ़कर काम कर रहा था इसी बीच अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई और शाहबान की करंट लगने से मौत हो गई। रामलखन की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रामलखन ने घटना के संबंध में तुलसीपुर थाने में तहरीर दी है। तुलसीपुर इंस्पेक्टर वकील पांडेय ने बताया कि रामलखन ने तहरीर में कहा है कि बिजली ठीक करते समय विभाग की तरफ से शट डाउन लिया गया था। शाहबान पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहा था तभी अचानक बिजली आ गई और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।