बलरामपुर के सिरिया नाले के पास पलटा ट्रक।-संवाद
बलरामपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग तुलसीपुर पर शीरे से भरा कंटेनर बुधवार रात करीब 1.30 बजे सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक व खलासी घायल हो गए। लक्ष्मनपुर निवासी दीपक शुक्ल ने बताया कि सिरिया नाले से पहले नथुनिया मोड़ तिराहे के पास रात में ट्रक के पलटने की तेज आवाज आई।
गांव के लोग अपने घरों से बाहर आए तो हादसे की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने चालक व खलासी को बाहर निकाला और पुलिस को जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर संजय कुमार दुबे ने बताया कि चालक व खलासी को सीएचसी तुलसीपुर में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। (संवाद)